उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया कल समाप्त हो गई। पहले चरण के लिए कुल 815 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे हैं। कल नामांकन के अंतिम दिन 426 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। इस चरण में 58 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 10 फरवरी को मतदान होगा।
दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया कल शुरू हो गयी। अब तक 10 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। दूसरे चरण में 55 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने कल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 85 उम्मीदवारों की एक अन्य सूची जारी की।
पहले चरण में ग्यारह जिलों की अट्ठावन विधानसभा सीट के लिए वोट डाले जाएंगे। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने इस बार प्रत्याशियों को ऑनलाइन नामांकन भरने की सुविधा दी है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगरा में पार्टी के घर-घर संपर्क अभियान का शुभारंभ किया। यहां पहले चरण में चुनाव होना है। उन्होंने ब्रज क्षेत्र की चालीस विधानसभा सीट के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की। वहीं, लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी का चुनाव गीत भी लॉन्च किया। इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने आज तैंतीस उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी की। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए अपने 15 स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी की है।