बीजेपी, पंजाब लोक कांग्रेस-पीएलसी और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) गठबंधन ने आज पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे के फार्मूले की घोषणा कर दी है। गठबंधन के तहत भाजपा 65 विधानसभा सीटों पर, पीएलसी 37 और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) 15 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, पीएलसी प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) नेता सुखदेव सिंह ढींडसा ने नई दिल्ली में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की।
इस अवसर पर जे पी नड्डा ने कहा कि यह चुनाव पंजाब में स्थिरता और सुरक्षा के लिए है और हमारा मकसद राज्य की अर्थव्यवस्था को सुधारना है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लिए सुरक्षा एक महत्वपूर्ण मुद्दा है क्योंकि यह सीमावर्ती राज्य है। जे पी नड्डा ने कहा कि पंजाब को डबल इंजन सरकार की जरूरत है। कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की आलोचना करते हुए उन्हें अक्षम करार दिया। सुखदेव सिंह ढींडसा ने कहा कि गठबंधन किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए काम करेगा।