देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में छठ पूजा श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाई जा रही है

देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में छठ पूजा धार्मिक उत्‍साह के साथ मनाई जा रही है। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन आज खरना का अनुष्ठान किया जायेगा। छठव्रती सूर्य देव की उपासना करने के बाद आज शाम खीर का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद भी उनका निर्जला उपवास जारी रहेगा। कल और अगले दिन भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जायेगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि अर्घ्य के माध्यम से भगवान को चढाये जाने वाले प्रसाद ठेकुआ, मौसमी फल, पूजा सामग्री अर्पित की जाती है और लोग अपनी मनोकामना पूर्ण होने की कामना करते हैं।

बिहार में छठ को लेकर गंगा, गंडक, कोसी, कमला बलान, सोन सहित अन्य नदियों में छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। लोग विभिन्न पोखरों, जलाशयों और घरों में कुंड बनाकर छठ पूजा कर रहे हैं। छठव्रती कल और परसों यहां पानी में खड़े होकर भगवान भाष्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे। छठ को लेकर बाजारों में काफी चहल-पहल है। चारों ओर छठ के मधुर लोक गीत से वातावरण भक्तिमय हो गया है। इधर, देश के दूसरे हिस्सों में काम करने वाले बडी संख्‍या में बिहार के लोग छठ पूजा को लेकर अपने घर पहुंच रहे हैं। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छठ के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।