जाने-माने हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का आज सुबह दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स में निधन हो गया। वे 58 वर्ष के थे। पिछले महीने दिल का दौरा पडने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रसिद्ध हास्य अभिनेता राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया; “राजू श्रीवास्तव ने हंसी, हास्य और सकारात्मकता के साथ हमारे जीवन को रोशन किया। वह हमें बहुत जल्द छोड़ कर चले गए, लेकिन वर्षों तक अपने शानदार काम की बदौलत वह अनगिनत लोगों के दिलों में छाए रहेंगे। उनके निधन से दु:ख पहुंचा है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।”
गृहमंत्री अमित शाह ने मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए इसे कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि राजू श्रीवास्तव ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि एक अनुभवी कलाकार होने के साथ-साथ वह एक बहुत ही अच्छे इंसान भी थे।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए एक ट्वीट में कहा कि वह एक महान कलाकार और जीवंत व्यक्ति थे। उन्होंने कहा कि राजू श्रीवास्तव के निधन से कॉमेडी की एक शैली के युग का अंत हो गया है और इस शून्य को भरना संभव नहीं है। श्री ठाकुर ने शोक संतप्त परिवार और राजू श्रीवास्तव के प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।