अहमदाबाद की साइंस सिटी में आज से वैश्विक मत्स्य सम्मेलन भारत 2023 शुरू हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय मत्स्य पालन मंत्री परषोत्तम रूपाला ने कहा कि मत्स्य पालन देश में उभरते हुए क्षेत्रों में से प्रमुख है। आज भारत विश्व में तीसरा सबसे बडा मछली उत्पादक राष्ट्र है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का अंतरदेशीय मत्स्य पालन क्षेत्र तीन गुना विकसित हुआ है और उत्तर भारत में अंतरदेशीय मत्स्य पालन के क्षेत्र में विकास की प्रचुर संभावनाएं हैं। सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मत्स्य पालन मंत्री परषोत्तम रूपाला और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के साथ मत्स्य पालन राज्य मंत्री डॉ. एल मुरुगन और डॉ. संजीव कुमार बालियान तथा लगभग 10 देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों, मत्स्य पालन संघों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि देशभर में गुजरात का तटीय क्षेत्र सबसे बडा है और यह राज्य मछली उत्पादन में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि मछलियों के निर्यात में इस राज्य की 17 प्रतिशत हिस्सेदारी है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि समुद्र तटीय क्षेत्र अमृतकाल में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।
इस अवसर पर विश्व मत्स्य पालन पुरस्कार भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुजरात के अंतरदेशीय जलाशय लीजिंग पोर्टल का शुभारंभ किया।