मध्यप्रदेश सरकार महिलाओँ को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आज से लाडली बहना योजना शुरू की

मध्यप्रदेश सरकार महिलाओँ को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आज से लाडली बहना योजना शुरू कर रही है। इसके अंतर्गत प्रत्येक महिला को हर महीने एक हजार रुपये दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज जबलपुर में राज्य स्तरीय समारोह में इस योजना की प्रथम माह की राशि लगभग सवा करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में जमा कराएंगे।

प्रदेश की महिलाओं के नाम संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा: मेरी लाडली बहनाओं, महिलाओं की जिंदगी को आसान करना है। खुशियों से भरना है, यह मेरी जिंदगी का उद्देश्य है मिशन है। कार्यक्रम के बाद अपने घर में दीपक भी जलाइए। आपकी जिंदगी में खुशहाली का एक नया दौर प्रारम्भ हो रहा है। गौरतलब है कि लाड़ली बहना योजना की घोषणा इस वर्ष 5 मार्च को की गई थी और लगभग 35 दिनों में ही एक करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं ने इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन जमा किए हैं। राज्य सरकार ने महिलाओं की मदद के लिए फोन नंबर 181 भी जारी किया है। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए लाडली बहना सेना का गठन भी किया जाएगा। यह सेना महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के साथ साथ सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी मदद करेगी। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, उनके स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति में सुधार लाना और परिवार के फैसलों में उनकी भूमिका बढ़ाना है।