
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नगर निगम चुनावों में भाजपा को समर्थन देने और उसपर भरोसा करने के लिए गुजरात के लोगों का आभार व्यक्त किया है। एक ट्वीट संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि गुजरात में नगर निगम चुनावों के नतीजों से यह बात स्पष्ट हो जाती है कि राज्य के लोगों की विकास और सुशासन की राजनीति पर अटल आस्था है। उन्होंने कहा कि विभिन्न नगर निगमों में पार्टी की जीत बहुत खास है। उन्होंने कहा है कि गुजरात में दो दशक से भी अधिक समय से शासन कर रही भाजपा के लिए इस तरह की शानदार सफलता बड़ा मायने रखती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि समाज के सभी वर्गों, खास तौर पर युवाओं से इतना व्यापक समर्थन प्राप्त होना अत्यंत प्रसन्नता का विषय है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि गुजरात की सेवा करना बड़े सम्मान की बात है। गुजरात भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने जन-जन तक पहुंचकर पार्टी की सोच के बारे में उन्हें जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुजरात सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का समूचे राज्य पर अच्छा असर पड़ा है।