उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोआ और मणिपुर विधानसभा चुनाव परिणाम, बीजेपी को चार राज्‍यों में बढ़त

पांच राज्‍यों- उत्‍तर प्रदेश, उत्‍तराखण्‍ड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव की मतगणना सुचारू चल रही है। रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी पंजाब को छोड़कर बाकी चार राज्‍यों में बढ़त की ओर है। राज्‍यवार अब तक मिले रुझान इस प्रकार हैं:-

उत्‍तर प्रदेश में 370 सीटों के रुझान मिल गए हैं। भारतीय जनता पार्टी भारी अंतर से आगे चल रही है। उसके उम्‍मीदवार 230 सीटों पर आगे हैं। समाजवादी पार्टी ने 104 सीटों पर बढ़त बनाई है। अब तक के रुझानों के अनुसार, बहुजन समाजपार्टी 5 सीट और कांग्रेस 4 सीटों और अन्‍य 27 सीटों पर आगे हैं। राज्‍य में विधानसभा की 403 सीटें हैं।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ गोरखपुर शहरी क्षेत्र से आगे चल रहे हैं। सिद्धार्थ नाथ सिंह, इलाहाबाद पश्चिम सीट से आगे हैं। पूर्व मुख्‍यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव करहल सीट से आगे चल रहे हैं।

उत्‍तराखण्‍ड में कुल 70 सीटों में से 69 के रुझान मिल गए हैं। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच मुख्‍य मुकाबला है। अब तक कांग्रेस 20 सीटों पर और भारतीय जनता पार्टी 44 सीटों पर आगे है। बहुजन समाज पार्टी 2 सीट पर, आम आदमी पार्टी 1 पर, और निर्दलीय 1 सीट पर आगे है।

पंजाब में 117 सीटों की विधानसभा के लिए हुए चुनाव में मुख्‍य मुकाबला सत्‍तारुढ़ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच है। अब तक 89 सीटों के रुझान मिल गए हैं उनमें कांग्रेस 13 सीटों पर और आम आदमी पार्टी 89 सीटों पर आगे चल रही है। शिरोमणि अकाली दल 7 सीटों पर और भारतीय जनता पार्टी को 5 सीटों पर बढ़त मिली है। निर्दलीय 1 और अन्‍य 1-1 सीट पर आगे है। पटियाला में पूर्व मुख्‍यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के कैप्‍टन अमरिंदर सिंह, आम आदमी पार्टी के उम्‍मीदवार अजीत पाल सिंह से पीछे चल रहे हैं। पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धु अमृतसर पूर्व में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिरोमणि अकाली दल के विक्रमजीत सिंह मजीठिया से ‍आगे चल रहे हैं।

गोवा में सत्‍तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच मुकाबला है। राज्‍य में विधानसभा की 40 सीटों के लिए एक ही चरण में 14 फरवरी को वोट डाले गए थे। अब तक मिले रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी 19 सीट और कांग्रेस 11 सीट पर आगे है। आम आदमी पार्टी 1 और निर्दलीय उम्‍मीदवारों ने तीन सीटों पर बढ़त बनाई है। मुख्‍यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के उम्‍मीदवार प्रमोद सावंत सैंकलिम सीट से आगे हैं।

मणिपुर में विधानसभा की 60 सीटों के लिए दो चरणों में 28 फरवरी और पांच मार्च को मतदान हुआ था। राज्‍य में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच मुख्‍य मुकाबला है। अब तक के रुझानों के अनुसार, भाजपा ने 16 सीट कांग्रेस ने 6 सीट पर बढ़त बनाई है। नगा पीपुल्‍स फ्रंट 5 सीटों पर, और नगा पीपुल्‍स पार्टी 6 सीट पर, निर्दलीय 1 सीट पर और अन्‍य 8 सीट पर आगे हैं।

भाजपा नेता और मुख्‍यमंत्री एन. बिरेन सिंह हेइंगांग सीट से आगे चल रहे हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *