भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. माणिक साहा आज त्रिपुरा में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉक्टर माणिक साहा आज राज्य के नए मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। अगरतला में स्वामी विवेकानंद मैदान पर मुख्यमंत्री और मंत्रियों के शपथग्रहण समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्यपाल सत्यदेव नारायण आचार्य, डॉक्टर साहा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे।

त्रिपुरा में भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का दूसरा कार्यकाल आज से मुख्यमंत्री के रूप में डॉ माणिक साहा के शपथ ग्रहण समारोह के साथ शुरू होगा। शपथ ग्रहण समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, कई केंद्रीय मंत्रियों समेत उत्तर-पूर्वी राज्यों के मुख्यमंत्री और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की उपस्थिति में होगा। हाल ही में संपन्न त्रिपुरा विधान सभा चुनावों में भाजपा-आईपीएफटी गठबंधन ने 60 में से 33 सीटों पर जीत हासिल कर सत्ता में दूसरी बार लौटी है।