मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के एक ही चरण और छत्तीसगढ में दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज समाप्त हो गया। शाम 5:00 बजे तक छत्तीसगढ़ चुनाव के दूसरे चरण में 67.34%, मध्य प्रदेश में 71.11% मतदान हुआ।
मध्य प्रदेश में शाम 5:00 बजे तक 71.11 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर है। सभी दो सौ तीस निर्वाचन क्षेत्रों में 64 हजार से अधिक मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें से पांच हजार एक सौ साठ पिंक मतदान केन्द्रों का प्रबंधन केवल महिलाएं कर रही हैं। 183 मतदान केन्द्रों का प्रबंधन दिव्यांगजन और 371 का प्रबंधन युवा कर रहे हैं। मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए राज्य के दो लाख पुलिस कर्मियों सहित केन्द्रीय बलों की सात सौ कम्पनी तैनात की गई हैं। मध्य प्रदेश में 252 महिलाओं समेत कुल 2,533 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
छत्तीसगढ़ में 70 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण जारी है। शाम 5:00 बजे तक 67.34प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। बिंद्रानवागढ़ के 9 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, जो दोपहर 3 बजे तक चलेगा। शेष मतदान केन्द्रों पर सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ।