आज का अखबार हिंदी 16 नवंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

अत्यंत पिछड़ी अनुसूचित जनजातीयों के लिए कल्याणकारी योजना अखबारों की बड़ी खबर है। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष आदिवासियों के लिए शुरू किया 24 हजार करोड़ रूपये का नया मिशन। इससे देश के करीब 28 लाख जनजातीय लोगों को मिलेगा लाभ। अमर उजाला ने प्रधानमंत्री के बयान को सुर्खी दी है पांच साल में 13 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला। देश के विकास के लिए चार स्तंभों महिला, किसान, युवा शक्ति और मध्यम वर्ग को करना होगा सशक्त।

उत्तरकाशी में सिलक्यारा सुंरग में फंसे श्रमिकों को निकालने के प्रयास को अखबारों ने महत्व दिया है। जनसत्ता की सुर्खी है – भूस्खलन से बचाव में बाधा, बड़ी मशीन दिल्ली से पहुंची। उधर, जम्मू-कश्मीर में बटोट-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्रंगुल-अस्सार के पास बस दुर्घटना में 38 लोगों की मौत और 20 लोगों के घायल होने की भी खबर अखबारों में है।

राजस्थान पत्रिका ने नीति आयोग की सिफारिश को सुर्खी दी है। बड़े पैमाने पर स्कूलों के विलय की सिफारिश। छोटे और कम नामांकन वाले स्कूलों को निकट के स्कूलों में विलय करने और शिक्षक भर्ती को तर्कसंगत बनाने का दिया सुझाव।

दैनिक भास्कर की बड़ी खबर है तस्करों ने दो साल में हजारों रोहिंग्याओं को दस राज्यों में अवैध तरीके से बसाया। भारतीय पहचान दिलाकर संपत्ति खरीदने में भी मदद की। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण -एनआईए ने देश भर में मानव तस्करी के चार सिंडिकेट को तोड़ा।

दैनिक जागरण का शीर्षक है – निर्यात के मोर्चे पर खुशखबरी, अक्टूबर में 6 प्रतिशत बढ़ा, 33 अरब 57 करोड़ डॉलर रहा निर्यात। 30 प्रमुख क्षेत्रों में से 22 में वृद्धि, आयात में भी हुई बढ़ोतरी।

हिन्दुस्तान की खबर है समय से पहले पीपीएफ खाता बंद करने पर जुर्माने में मिलेगी राहत, नए तरीके से होगी जुर्माने की गणना।

नवभारत टाइम्स का कहना है प्रत्यक्ष कर संग्रह लक्ष्य से अधिक रहने का अनुमान। वर्तमान वित्त वर्ष में प्रत्यक्ष कर संग्रह 18 लाख 23 हजार करोड़ रूपये के लक्ष्य को पार कर जाएगा। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने कहा।