केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कश्मीर पर न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित लेख की निंदा की

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कश्मीर में प्रेस की स्वतंत्रता पर न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित लेख को शरारतपूर्ण और भ्रामक बताया है। अनुराग सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि इसे भारत और उसके लोकतांत्रिक संस्थानों और मूल्यों के बारे में दुष्‍प्रचार के एकमात्र उद्देश्य से प्रकाशित किया गया था। अनुराग सिंह ठाकुर ने ट्वीट करते हुए कहा कि न्‍यूयार्क टाईम्‍स ने भारत के बारे में कुछ भी प्रकाशित करते समय तटस्थता के मानदंड का पालन नहीं किया। प्रकाशित लेख की निंदा करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने यह भी कहा कि भारत में प्रेस की स्वतंत्रता अन्य मौलिक अधिकारों की तरह ही पवित्र है। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र और नागरिक परिपक्‍व हैं। भारत को किसी एजेंडा के तहत संचालित मीडिया से लोकतंत्र का पाठ सीखने की आवश्‍यकता नहीं है। न्‍यूयार्क टाइम्‍स और कुछ अन्य विदेशी मीडिया पर देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतवासी ऐसी मानसिकता वाली विदेशी मीडिया को भारत में अपना एजेंडा चलाने की अनुमति नहीं देंगे।