मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हुए। मध्य प्रदेश में मतदान आज सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। वोट डालने पहुंचे लोग मतदान केंद्रों के बाहर कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। बालाघाट जिले की बैहर, लांजी और परसवाड़ा विधानसभा सीटों और मंडला और डिंडौरी जिले के कुछ मतदान केन्द्रों पर दोपहर तीन बजे तक ही वोट डाले जाएंगे। 252 महिलाओं समेत कुल दो हजार 533 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि 42 हजार मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग की सुविधा उपलब्ध करायी गई है। सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की 700 कंपनियों के साथ-साथ राज्य के दो लाख पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
मध्य प्रदेश में 5 करोड़ 59 लाख 83 हजार से ज्यादा मतदाता हैं। इनमें पुरुषों की संख्या करीब 2 करोड़ 87 लाख और महिलाओं की संख्या 2 करोड़ 71 लाख है। इसके अलावा थर्ड जेंडर के भी एक हजार दो सौ बानवे मतदाता हैं। चुनाव आयोग ने 64 हजार 626 मतदान केंद्र बनाए हैं। इनमें से 17 हजार 32 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। यहां सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। मध्य प्रदेश में पहली बार युवाओं को भी 3 सौ 71 मतदान केंद्र संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं महिलाओं द्वारा संचालित 5 हजार एक सौ 60 पिंक बूथ और दिव्यांगों द्वारा संचालित एक सौ 83 मतदान केंद्र भी हैं। इसके अलावा तीन हजार आदर्श मतदान केंद्र और 60 पर्यावरण अनुकूल यानी ग्रीन मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश में सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि लोकतंत्र के लिए प्रत्येक वोट कीमती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि मध्यप्रदेश के हर क्षेत्र से मतदाता उत्साह के साथ मतदान में हिस्सा लेंगे और लोकतंत्र के इस महान पर्व की सुंदरता को बढ़ाऐंगे।