तेलंगाना विधानसभा चुनाव में पहली बार महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक हो गई है। नवीनतम मतदाता सूची के अनुसार एक लाख पुरूष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या एक लाख बीस हजार हो गयी है। राज्य में तीन करोड़ छब्बीस लाख अठारह हजार दो सौ पाँच मतदाता हैं जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या एक करोड़ बासठ लाख चार सौ अठारह है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या एक करोड़ तरेसठ लाख एक हजार सात सौ पांच है।
तेलंगाना में, दीपावली का त्योहार संपन्न होने के बाद सभी प्रमुख दलों के शीर्ष नेताओं का चुनाव प्रचार आज फिर से शुरू होगा। कई नेताओं ने अपने संसदीय क्षेत्र में जनता के बीच जाकर दीपावली का त्योहार मनाया।
भारतीय जनता पार्टी ने इस सप्ताह तेलंगाना में चुनाव प्रचार के लिए अपने शीर्ष नेताओं का कार्यक्रम तैयार किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मतदान से पहले महत्वपूर्ण आखिरी सप्ताह के दौरान पार्टी के चुनाव अभियान का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी हर रोज दो से तीन निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार कर रहे हैं, जबकि दिल्ली और अन्य राज्यों के पार्टी के शीर्ष नेता दो से तीन दिनों में चुनाव अभियान में शामिल होंगे। कांग्रेस के स्टार प्रचारक राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रचार समाप्त होने तक राज्य में ही रहने की उम्मीद है।