वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन आज लोकसभा में वर्ष 2026-27 का केन्द्रीय बजट पेश करेंगी। बजट पेश होने के बाद इसकी प्रति राज्यसभा में पटल पर रखी जाएगी। नरेन्द्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का यह तीसरा बजट है। बजट तैयार होने से पहले वित्त मंत्री ने विशेषज्ञों और अर्थशास्त्रियों, व्यापार संगठनों, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र, सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम, व्यापार और सेवा उद्योग, वित्तीय क्षेत्र और पूंजी बाज़ार के प्रतिनिधियों सहित कई हितधारकों के साथ परामर्श बैठकें की। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कृषि और ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं के बारे में बजट पूर्व व्यापाक परामर्श किया और सुझावों की संकलित रिपोर्ट वित्त मंत्री को प्रस्तुत की।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट संसद में पेश करेंगी। उन्होंने 2019 में वित्त मंत्री का पदभार ग्रहण किया था। अपने बजट भाषण में वह अगले वित्त वर्ष के लिए आर्थिक विकास के रूपरेखा के साथ–साथ सरकार की आय और व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत करेंगी। बजट तैयार करते समय केंद्र सरकार द्वारा युवाओं समेत आम नागरिकों से अलग–अलग माध्यमों के जरिए सुझाव मांगे गए थे जिसकी झलक केंद्रीय बजट 2026-27 में देखने को मिलेगी। बजट भाषण पूरा होने के बाद बजट से जुड़े सभी दस्तावेज यूनियन बजट मोबाइल ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। बजट पेश करने के बाद वित्त मंत्री देश के विभिन्न हिस्सों से आए लगभग 30 कॉलेज छात्रों से भी संवाद करेंगी। बजट सत्र 28 जनवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण से शुरू हुआ था जो 2 अप्रैल तक चलेगा।





