संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतरश ने AI वैश्विक शिखर सम्मेलन का आयोजन करने के लिए भारत के नेतृत्व की प्रशंसा की
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतरश ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई वैश्विक शिखर सम्मेलन का आयोजन करने के लिए भारत के नेतृत्व की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि एआई अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रही एआई तकनीक की चुनौतियों और अवसरों का विश्लेषण करने के लिए सभी देशों को एक साथ आना चाहिए।
एंतोनियो एंतोनियो गुतरश भारत एआई इम्पेक्ट सम्मेलन 2026 में भाग लेने के लिए नई दिल्ली आएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस एआई एक्शन सम्मेलन में इसकी घोषणा करते हुए कहा था कि विकासशील और अल्प विकसित देशों में आयोजित होने वाला यह पहला वैश्विक एआई सम्मेलन होगा। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि शिखर सम्मेलन में उनका संदेश 2024 के भविष्य शिखर सम्मेलन में अपनाए गए वैश्विक डिजिटल समझौतों के परिणामों के अनुरूप होगा। वैश्विक डिजिटल समझौता स्वतंत्र, सुरक्षित और समावेशी डिजिटल भविष्य के लिए एक साझा दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर एक स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल की स्थापना इसका मुख्य उद्देश्य है।





