insamachar

आज की ताजा खबर

Prime Minister Narendra Modi held discussions with four leading industrialists from Malaysia today.
भारत मुख्य समाचार

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज मलेशिया के चार प्रमुख उद्योगपतियों से बातचीत की

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज मलेशिया के चार प्रमुख उद्योगपतियों से बातचीत की। उन्होंने पेट्रोनास के अध्यक्ष और समूह सीईओ तन तेंग्कू मुहम्मद तौफिक; बरजाया कॉर्पोरेशन बरहाद के संस्थापक तन दातो सेरी विंसेंट तन ची यिउन; खज़ानाह नेशनल बरहाद के प्रबंध निदेशक दातो अमीरुल फैसल वान ज़ाहिर; और फ़िसन इलेक्ट्रॉनिक्स के संस्थापक दातो पुआ खेन सेंग से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री ने भारत और मलेशिया के बीच बढ़ते व्यापार-से-व्यापार संबंधों और भारतीय विकास गाथा में मलेशियाई कंपनियों की गहरी रुचि की सराहना की। उन्होंने व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने और एक स्थिर, कुशल और पूर्वानुमानित व्यापार एवं नीतिगत वातावरण बनाने के लिए हाल के वर्षों में भारत में की गई पहलों और सुधारों का उल्लेख किया। उन्होंने मलेशियाई व्यवसायों को विशेष रूप से अवसंरचना, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वास्थ्य सेवा आदि क्षेत्रों में भारत द्वारा प्रदत्त अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस संदर्भ में, प्रधानमंत्री ने 7 फरवरी 2026 को कुआला-लंपुर में आयोजित होने वाले 10वें भारत-मलेशिया सीईओ फोरम की सराहना की और आशा व्यक्त की कि इन चर्चाओं से भारत-मलेशिया व्यापार और निवेश संबंधों को और अधिक मजबूती मिलेगी।

उद्योग जगत के प्रमुखों ने भारत सरकार द्वारा विकसित भारत के निर्माण की दिशा में किए गए सुधारों की प्रशंसा की और भारत की विकास गाथा में दृढ़ विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने अपने निवेश पोर्टफोलियो का विस्तार करके और भारतीय समकक्षों के साथ संयुक्त उद्यमों की संभावनाओं को तलाशकर भारत में अपनी व्यावसायिक उपस्थिति बढ़ाने में गहरी रुचि दिखाई।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *