आईसीसी टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व कप में कल रात एक बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। कोलंबो में कल पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए।
इस जीत के साथ ही भारत विश्व कप में सुपर 8 में जगह बनाने वाली दूसरी टीम बन गई है। वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अक्षय पटेल और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट हासिल किये, वहीं तिलक वर्मा और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। हार्दिक पांड्या ने पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज सहिब सदा फरहान को शून्य पर आउट कर दिया। जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ओवर में दो विकेट लेकर भारत को मजबूत बढ़त दिला दी। इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का विकल्प चुना। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। ईशान किशन ने सर्वाधिक 77 रन की पारी खेल कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। शिवम दुबे ने 27, तिलक वर्मा ने 25 और सूर्यकुमार यादव ने 32 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान ने स्पिन गेंदबाजी पर काफी हद तक भरोसा किया और 18 ओवरों में 6 स्पिन गेंदबाजों को उतारा। भारत का अगला मुकाबला 18 फरवरी को नीदरलैंड से होगा।
प्रतियोगिता में आज तीन मुकाबले खेले जायेंगे। दिल्ली में अफगानिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात के बीच सवेरे 11 बजे से मैच खेला जाएगा। कोलकाता में इंग्लैंड का सामना इटली से दोपहर बाद 3 बजे से होगा। श्रीलंका के पल्लेकल में ऑस्ट्रेलिया का सामना श्रीलंका से शाम सात बजे से होगा।





