अमरीका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बढ़ते तनाव के बीच, तेहरान में भारतीय दूतावास ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों से देश छोड़ने का आग्रह किया है। इसके लिए वाणिज्यिक उड़ानों सहित किसी भी परिवहन साधन का उपयोग करने की सलाह दी गई है। दूतावास ने इस वर्ष 14 जनवरी की अपनी सलाह को दोहराते हुए कहा है कि सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों को उचित सावधानी बरतनी चाहिए होगी, विरोध प्रदर्शनों या रैलियों वाले क्षेत्रों से बचना चाहिए। ईरान स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने और मीडिया की खबरों पर नज़र रखने को कहा गया है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों से पासपोर्ट और पहचान पत्र सहित अपने यात्रा और आव्रजन दस्तावेजों को अपने पास रखने का भी अनुरोध किया है। दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर + 98 912 810 9115; +98 912 810 9109; +98 912 810 9102 और +98 993 217 9359 पर भी जारी किए हैं। दूतावास से cons.tehran@mea.gov.in पर भी संपर्क किया जा सकता है।





