ईरान और अमरीका के राजनयिक आज जिनेवा में तीसरे दौर की परमाणु वार्ता करेंगे। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि वाशिंगटन के साथ समझौता संभव है और उन्होंने इसे समझौते के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताया। लेकिन, उन्होंने चेतावनी दी कि प्रगति कूटनीति को प्राथमिकता देने पर निर्भर करेगी, जिसे व्यापक रूप से डॉनल्ड ट्रम्प द्वारा पहले दी गई सैन्य कार्रवाई की धमकियों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
ट्रम्प ने भी कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही है। अमरीका ने हाल ही में पश्चिम एशिया की ओर दूसरा विमानवाहक पोत बेडा भेजा है और क्षेत्र में अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा दी है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर जिनेवा वार्ता विफल हो जाती है, तो तनाव और बढ़ सकता है, जिससे सैन्य टकराव और पश्चिम एशिया में फिर से अस्थिरता का खतरा बढ़ जाएगा।
इस बीच, अमरीका के वित्त मंत्रालय ने 30 से अधिक व्यक्तियों, कंपनियों और ईरान के तेल की बिक्री में मदद करने के आरोपी जहाजों के विरूद्ध प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। इन जहाजों को वाशिंगटन शैडो फ्लीट कहता है। यह घटनाएं एक नाजुक स्थिति को दिखाती है। जहां बातचीत आगे बढ़ रही है लेकिन, आर्थिक और सैन्य दबाव भी लगतार बढ़ रहा है।





