नागालैंड के उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य में मौसम पूर्वानुमान और वायुमंडलीय अनुसंधान को मजबूत करने के लिए मौसम विभाग के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस समझौता ज्ञापन पर कल कोहिमा स्थित उच्च शिक्षा निदेशालय में उच्च शिक्षा मंत्री तेमजेन इम्ना अलोंग और दोनों पक्षों के अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।
इसके तहत, केंद्र सरकार की ‘मिशन मौसम’ योजना के अंतर्गत दीमापुर सरकारी कॉलेज में एक एक्स-बैंड पोलारिमेट्रिक डॉप्लर मौसम रडार स्थापित किया जाएगा।
मौसम विभाग और उच्च शिक्षा विभाग के बीच संस्थागत सहयोग का मुख्य उद्देश्य मौसम विज्ञान और वायुमंडलीय विज्ञान में शैक्षणिक जुड़ाव, अनुसंधान सहयोग और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देना है।
इस सहयोग से नागालैंड के लिए विशिष्ट मौसम संबंधी खतरों की बेहतर समझ विकसित होने और अधिक सटीक परिचालन मौसम पूर्वानुमानों में सहायता मिलने की उम्मीद है। यह समझौता ज्ञापन 20 वर्षों के लिए वैध रहेगा।





