बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटिड अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया
बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल युनाइटेड अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आज राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पटना स्थित बिहार विधानसभा में सचिव के समक्ष दाखिल किया गया। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में राज्यसभा चुनाव के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि संसदीय जीवन की शुरूआत से ही उनके मन में यह इच्छा रही है कि वे बिहार विधानसभा और विधान परिषद के साथ–साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। इसी क्रम में वे अब राज्यसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इधर, मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने की खबर से जदयू कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिली। वहीं, इन राजनीतिक हलचलों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार विधानसभा में आयोजित नामांकन कार्यक्रम में भाग लेंगे।
दस राज्यों में 37 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की आज अंतिम तिथि है। नामांकन पत्रों की जांच कल की जाएगी। उम्मीदवार नौ मार्च तक नाम वापस ले सकते हैं। इन सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को होगा और परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। महाराष्ट्र की सात, तमिलनाडु की छह, बिहार और पश्चिम बंगाल की पांच-पांच, ओडिशा की चार, असम की तीन जबकि तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में दो-दो सीटें तथा हिमाचल प्रदेश की एक सीट के लिए मतदान होगा।





