प्रधानमंत्री मोदी 6 मार्च को “कृषि और ग्रामीण रूपांतरण” विषय पर बजट-उपरांत वेबिनार को संबोधित करेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6 मार्च 2026 को सुबह 11:15 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “कृषि और ग्रामीण रूपांतरण” विषय पर बजट-उपरांत वेबिनार को संबोधित करेंगे। इस विषय के तहत आठ अलग-अलग वेबिनार सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें चार प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है: (i) कृषि (ii) पशुपालन और डेयरी (iii) मत्स्य पालन (iv) ग्रामीण आजीविका।
इस बजट-उपरांत वेबिनार में उच्च मूल्य वाली कृषि को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अंतर्गत काजू, नारियल, चंदन, अगरवुड, बादाम, अखरोट और चिलगोज़ा जैसी फसलों की क्षमताओं को विकसित करने पर चर्चा होगी। इसके अतिरिक्त वेबिनार में भारत विस्तार द्वारा उपलब्ध अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। ये कृषि क्षेत्र के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना है। सत्रों में पशुपालन मूल्य श्रृंखला में निजी क्षेत्र के निवेश और उद्यमिता; मत्स्य पालन के लिए जलाशयों और अमृत सरोवरों के एकीकृत विकास; तटीय मत्स्य पालन मूल्य श्रृंखलाओं को मजबूत करने; और एसएचई-मार्ट्स (ग्रामीण परिवर्तन के लिए स्वयं सहायता उद्यमी-विपणन मार्ग) के माध्यम से ग्रामीण महिला उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों के लिए बाजार पहुंच के विस्तार करने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।





