insamachar

आज की ताजा खबर

Election Commission
चुनाव भारत मुख्य समाचार

चुनाव आयोग ने 5 राज्यों/UTs में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया

निर्वाचन आयोग ने आज असम, केरल, पुद्दुचेरी और तमिलनाडु में एक चरण में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होंगे। चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए आज दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि असम, केरल और पुद्दुचेरी में मतदान 9 अप्रैल को होगा। तमिलनाडु में मतदान 23 अप्रैल को होगा। पश्चिम बंगाल में मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 142 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। सभी चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में मतगणना 4 मई को होगी। ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पांच विधानसभाओं के 824 निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावों में लगभग 17 करोड़ 40 लाख लोग मतदान के पात्र हैं। इनमें पश्चिम बंगाल के लगभग 6 करोड़ 44 लाख, तमिलनाडु के 5 करोड़ 67 लाख, केरल के 2 करोड़ 70 लाख, असम के ढाई करोड़ और पुडुचेरी के 9 लाख 44 हजार मतदाता शामिल हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चार राज्‍यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में कुल 2 लाख 19 हजार मतदान केंद्र होंगे और कुल 25 लाख चुनाव कर्मियों को तैनात किया जाएगा।

मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, शौचालय और साइनबोर्ड जैसी न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में चुनाव को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए चुनाव आयोग ने 30 नई पहल की हैं। ज्ञानेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम बारह सौ मतदाता ही मतदान कर सकेंगे। सभी मतदान केंद्रों पर निगरानी के लिए शत प्रतिशत वेबकास्टिंग होगी।

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को समाप्त हो रहा है, असम की 126 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को समाप्त हो रहा है और केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को समाप्त हो रहा है। वहीं, तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 10 मई को और पुद्दुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 15 जून को समाप्त हो रहा है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *