सरकार ने आश्वासन दिया है कि सभी रिफाइनरियां पर्याप्त कच्चे तेल के भंडार के साथ पूरी क्षमता से काम कर रही हैं। घरेलू एलपीजी उत्पादन स्थिर है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। नई दिल्ली में आज पश्चिम एशिया के ताजा घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में उपभोक्ताओं को 11 हजार 300 टन व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति की गई है। उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी उत्पादन में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और खुदरा दुकानों पर एलपीजी की कोई कमी नहीं है। कालाबाजारी और जमाखोरी पर की गई कार्रवाई के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि कल देशभर में चार हजार पांच सौ से अधिक छापे मारे गए।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोई समुद्री दुर्घटना नहीं हुई है और सभी 22 जहाज और 611 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि नौवहन महानिदेशालय निरंतर इनकी निगरानी कर रहा है। श्री सिन्हा ने बताया कि बंदरगाहों पर जहाजों की आवाजाही सामान्य है और सुचारू माल ढुलाई के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि न्यू मंगलौर बंदरगाह ने कच्चे तेल और एलपीजी की ढुलाई के शुल्कों में छूट की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति के बीच सरकार जहाजों की आवाजाही और भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर कड़ी नजर रख रही है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओमान, मलेशिया, फ्रांस, जॉर्डन और कतर के नेताओं से बातचीत की और पश्चिम एशिया संघर्ष पर भारत का रुख स्पष्ट करते हुए संवाद, तनाव कम करने और शांति पर जोर दिया। रणधीर जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ऊर्जा केन्द्रों पर हमलों की कड़ी निंदा की और सभी पक्षों ने होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवागमन तथा निरंतर समन्वय के लिए समर्थन की पुष्टि की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि भारत ने आर्मेनिया-अजरबैजान के रास्ते 284 तीर्थयात्रियों सहित 913 नागरिकों को निकाला है।
विदेश मंत्रालय में खाडी मामलों के संयुक्त सचिव असीम महाजन ने बताया कि कल इराक से सुरक्षित बचाए गए तेल टैंकर एमटी सेफसी विष्णु के 15 भारतीय चालक दल के सदस्यों के आज भारत लौटने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इससे पहले ओमान से बचाए गए 24 भारतीय नाविक भारत पहुंच चुके हैं, जिनमें एमवी एमकेडी व्योम पर सवार 16 और एमटी स्काईलाइट पर सवार 8 लोग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कतर एयरवेज आज भारत के लिए 10 गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेगी। असीम महाजन ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में छह भारतीय नागरिकों की मौत हो गई और एक लापता है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब, ओमान, इराक और संयुक्त अरब अमीरात लापता भारतीय नागरिकों के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ नियमित संपर्क में हैं और मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत वापस लाने के लिए प्रयासरत हैं।




