रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में बताया- कोविड के बाद एक हजार से अधिक रेलगाडियां शुरू की गई
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि देश में कोविड के बाद लगभग एक हजार 24 नई रेलगाडियां चलाई गई हैं। लोकसभा में आज पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इसके साथ ही मौजूदा रेलगाडियों में चार हजार 651 नए कोच भी जोड़े गए हैं।
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रेलवे ने विश्वसनीय यात्रियों को निर्बाध टिकट बुकिंग सुनिश्चित करने के लिए धोखाधडी रोकने के उपाय किये हैं।
जो बिचौलिए और टाउट्स टिकट को तुरंत लेना चाहते हैं उसके ऊपर बहुत कड़ी कार्रवाई हुई है। 3 करोड़ से ज्यादा फेक अकाउंट हटाए गए और कई जगह टेक्नोलॉजी के माध्यम से एक साथ टिकट बुक कर देते थे। वह करीब करीब बहुत बड़ी मात्रा में उसको समाप्त कर दिया गया है। आज जेनुइन पैसेंजर्स को कंफर्म टिकट मिलने लगा है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिए जाने के कारण रेलगाडियों की दुर्घटनाओं में कमी आई है।
सेफ्टी पर फोकस के कारण आज कोंसीक्वेंशियल एक्सीडेंट्स 90% कम हो चुके हैं। बहुत उसमें ध्यान दिया गया है एक लाख 20 हजार करोड रुपए का इन्वेस्टमेंट सेफ्टी पर जा रहा है और उसके कारण रिजल्ट्स भी बहुत अच्छे आए। 90% कम हो चुके हैं कोंसीक्वेंशियल एक्सीडेंट्स। मैं आज भी कहता हूं कि इस लेवल से भी और बेहतर करने का लगातार प्रयास चलता है।





