राष्ट्रीय राजमार्ग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए भावी पेशेवरों को तैयार करने हेतु, एनएचएआई ने दो महीने के ‘ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप पाठ्यक्रम 2026’ के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। मई से जुलाई 2026 के बीच आयोजित होने वाला यह पाठ्यक्रम एनएचएआई के सफल शीतकालीन इंटर्नशिप पाठ्यक्रम और वर्तमान छह महीने के इंटर्नशिप पाठ्यक्रम पर आधारित है। इसका उद्देश्य छात्रों को भारत के सबसे बड़े राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्रणाली में सार्थक और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। एनएचएआई ने अब अपने ‘इंटर्नशिप कार्यक्रम’ का विस्तार करते हुए सिविल इंजीनियरिंग के साथ-साथ कई अन्य विषयों को भी इसमें शामिल किया है।
विस्तारित ढांचे के तहत, ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप पाठ्यक्रम शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार 4 मई से 5 जुलाई, 2026 तक आयोजित होने की संभावना है। इसमें सिविल इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग और डेटा साइंस/आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे इंजीनियरिंग और तकनीकी विषयों की एक विस्तृत श्रृंखला शामिल होगी। इसके अतिरिक्त, पाठ्यक्रम को गैर-तकनीकी क्षेत्रों तक विस्तारित किया गया है, जिनमें विधि (बीए एलएलबी), वाणिज्य एवं विज्ञान (बीए/बीकॉम/बीएससी), प्रबंधन (मानव संसाधन, वित्त, विपणन में एमबीए), जनसंचार और पुस्तकालय विज्ञान शामिल हैं, जिससे विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमियों के प्रतिभागियों की भागीदारी बढ़ेगी। चयनित इंटर्न को अनुभवी एनएचएआई अधिकारियों के मार्गदर्शन में एनएचएआई के निर्दिष्ट फील्ड कार्यालयों या नई दिल्ली स्थित एनएचएआई मुख्यालय में तैनात किया जाएगा।
इस इंटर्नशिप के लिए राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) के तहत शीर्ष क्रम के संस्थानों, अग्रणी विधि विश्वविद्यालयों, प्रबंधन संस्थानों और प्रतिष्ठित जनसंचार संस्थानों सहित प्रमुख संस्थानों के पूर्णकालिक स्नातक और स्नातकोत्तर छात्र पात्र हैं। चयनित इंटर्न को 20,000 रुपये प्रति माह का वजीफा दिया जाएगा और इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी होने पर प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। इच्छुक छात्रों को 15 अप्रैल, 2026 तक इंटर्नशिप पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। विस्तृत दिशानिर्देश, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध परियोजनाओं की जानकारी एनएचएआई इंटर्नशिप पोर्टल: https://internshipsatnhai.digitalindiacorporation.in/ पर उपलब्ध है।
आवेदन प्रक्रिया एनएचएआई के समर्पित इंटर्नशिप पोर्टल के माध्यम से शुरू हो चुकी है, जिसमें छात्रों और संस्थानों के लिए अलग-अलग लॉगिन दिए गए हैं। छात्रों को ऑनलाइन आवेदन जमा करना होगा, जिसमें शैक्षणिक और व्यक्तिगत विवरण देना होगा और जहां लागू हो वहां परियोजना स्थानों के लिए अपनी प्राथमिकताएं बतानी होंगी। संस्थान पोर्टल पर छात्रों के आवेदनों का सत्यापन और अनुमोदन करके उनकी नामांकन स्थिति की पुष्टि करने के लिए जिम्मेदार होंगे। केवल संस्थान द्वारा अनुमोदित आवेदनों पर ही आगे की चयन प्रक्रिया के लिए विचार किया जाएगा। परियोजनाओं में इंटर्न का अंतिम आवंटन एनएचएआई द्वारा प्राथमिकताओं और उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा।
उद्योग-अकादमिक सहयोग को और मजबूत करने के लिए, एनएचएआई ने संस्थानों से पात्र छात्रों के बीच पाठ्यक्रम के बारे में सक्रिय रूप से जानकारी प्रसारित करने, समय पर आवेदन जमा करने की सुविधा प्रदान करने और प्रक्रिया का समर्थन करने और संपर्क बिंदु के रूप में कार्य करने के लिए संकाय समन्वयकों को नामित करने का अनुरोध किया है।
दिसंबर 2025 में शुरू किए गए पाठ्यक्रम के पहले चरण में अच्छी भागीदारी देखी गई, जिसमें 244 सिविल इंजीनियरिंग छात्रों ने एक महीने की शीतकालीन इंटर्नशिप की और 149 छात्रों ने जनवरी से जून 2026 तक चलने वाली छह महीने की इंटर्नशिप में नामांकन किया। इस सफलता को आगे बढ़ाते हुए, विस्तारित पाठ्यक्रम संबंधी इंफ्रास्ट्रक्चर इस क्षेत्र के लिए कुशल कार्यबल के निर्माण को और बढ़ावा देगा।
यह पहल राष्ट्रीय राजमार्ग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में योगदान देने के लिए अगली पीढ़ी के पेशेवरों को तैयार करने के उद्देश्य से क्षमता निर्माण और कौशल विकास के प्रति एनएचएआई की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।





