इंडिया एआई ने 2 अप्रैल, 2026 को केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के सहयोग से सीडीएससीओ-इंडिया एआई स्वास्थ्य नवाचार एक्सेलरेशन हैकाथॉन आरंभ करने की घोषणा की। इंडिया एआई इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के तहत डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन (डीआईसी) का स्वतंत्र व्यावसायिक प्रभाग (आईबीडी) है। यह पहल इंडिया एआई एप्लीकेशन डेवलपमेंट इनिशिएटिव (आईएडीआई) के अंतर्गत आती है। इसका उद्देश्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एआई एप्लिकेशन के विकास और अपनाने को बढ़ावा देना है। यह हैकाथॉन प्रतिभागियों को दो चरणों में व्यापक, एंड-टू-एंड एआई समाधान बनाने के लिए आमंत्रित करता है, ताकि रेगुलेटरी वर्कफ़्लो को सुव्यवस्थित किया जा सके।
पहले चरण में, आवेदकों से मजबूत डेटा एनोनिमाइजेशन (डेटा को गोपनीय बनाने वाला) टूल विकसित करने की अपेक्षा की जाएगी। इसके अतिरिक्त, समाधान में इंटेलिजेंट डॉक्यूमेंट समराइजेशन (दस्तावेज़ों का सारांश बनाने की क्षमता) की सुविधा होनी चाहिए, ताकि सुगम (SUGAM) एप्लीकेशंस, गंभीर प्रतिकूल घटना (एसएई) के विवरणों और बैठकों की प्रतिलिपियों से महत्वपूर्ण डेटा निकाला और मानकीकृत किया जा सके। इसके अलावा, सिस्टम को रेगुलेटरी फॉर्म में छूटे हुए क्षेत्रों का आकलन करने और उन्हें चिह्नित करने, मामलों को उनकी गंभीरता के आधार पर वर्गीकृत करने, दस्तावेज़ों के विभिन्न संस्करणों के बीच महत्वपूर्ण परिवर्तनों को उजागर करने, और असंरचित, हस्तलिखित नोट्स से स्वचालित रूप से औपचारिक निरीक्षण रिपोर्ट तैयार करने जैसे कार्य करने में सक्षम होना चाहिए।
दूसरे चरण के तहत, चयनित टीमों को सीडीएससीओ के विशेष डेटासेट का उपयोग करके अपने मॉडलों को और बेहतर बनाना होगा, और SUGAM तथा MD Online पोर्टलों के साथ एकीकरण सक्षम करना होगा। इसका उद्देश्य रेगुलेटरी स्वीकृतियों की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाना और स्वास्थ्य सेवा नवाचारों तक पहुंच को बेहतर बनाना है; यह चरण परिणामों पर आधारित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के साथ संपन्न होगा।
पुरस्कार और प्रोत्साहन:
- इस हैकाथॉन में कई चरणों वाली मूल्यांकन प्रक्रिया शामिल है। पहले चरण से शीर्ष 10 टीमें नई दिल्ली स्थित सीडीएससीओ कार्यालय में आयोजित होने वाले विशेष 5-दिवसीय ऑन-प्रिमाइसेस (कार्यालय परिसर में) विकास दौर में आगे बढ़ेंगी।
- विजेता टीम को ₹10 लाख तक की राशि मिलेगी, साथ ही समाधान को विकसित करने, एकीकृत करने और लागू करने के लिए ₹50 लाख तक का एक वर्ष का कार्य अनुबंध प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।
- अन्य पुरस्कारों में दूसरे पुरस्कार के लिए ₹7 लाख तक और तीसरे पुरस्कार के लिए ₹3 लाख तक की राशि शामिल है। इसके अलावा, पूरी तरह से महिलाओं की टीम को ₹5 लाख तक का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा।
- इच्छुक प्रतिभागी AIKosh पोर्टल (https://aikosh.indiaai.gov.in/home) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
- आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 17 अप्रैल, 2026 है।





