केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग सुधारने के उद्देश्य से चेक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पूरी की
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने 22-23 अप्रैल 2026 को चेक गणराज्य की अपनी आधिकारिक यात्रा पूरी की। चेक गणराज्य सरकार के निमंत्रण पर आयोजित इस यात्रा में भारत ने प्रमुख यूरोपीय साझेदारों के साथ रणनीतिक और आर्थिक जुड़ाव को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की, साथ ही चेक गणराज्य के साथ द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और नवाचार संबंधों को और गहरा किया।
इस यात्रा के दौरान, मंत्री ने चेक गणराज्य के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं, जिनमें उप प्रधानमंत्री और उद्योग एवं व्यापार मंत्री कारेल हव्लिचेक, उप उद्योग एवं व्यापार मंत्री जान सेच्टर और उप विदेश मंत्री मैरी चटार्डोवा शामिल थीं। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य आर्थिक सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा करना और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में औद्योगिक एवं व्यापारिक संबंधों को सुदृढ़ करने के नए रास्ते तलाशना था।
जितिन प्रसाद ने 23 अप्रैल 2026 को प्राग में चेक गणराज्य के उद्योग और व्यापार उप मंत्री जान सेच्टर के साथ भारत-चेक गणराज्य संयुक्त आर्थिक सहयोग आयोग (जेसीईसी) के 13वें सत्र की सह-अध्यक्षता की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों के संपूर्ण परिदृश्य की समीक्षा की और प्राथमिकता वाले और उभरते क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों की खोज की। 13वें भारत-चेक जेसीईसी के प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए गए।
इस यात्रा के दौरान, मंत्री ने उद्योग और व्यापार उप मंत्री जान सेच्टर के साथ भारत-चेक व्यापार मंच का उद्घाटन किया और व्यापार और निवेश के अवसरों को प्रोत्साहन देने और व्यापार-से-व्यापार संबंधों को और सुदृढ़ करने के लिए प्रमुख चेक गणराज्य के उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की।
कार्यक्रम के अंतर्गत, जितिन प्रसाद ने ऑटोमोटिव, परिवहन उपकरण और एडवांस इंजीनियरिंग क्षेत्रों की प्रमुख चेक औद्योगिक और प्रौद्योगिकी कंपनियों का दौरा किया, जिनमें प्ल्जेन स्थित स्कोडा ट्रांसपोर्टेशन भी शामिल है। इस दौरान उन्होंने चेक गणराज्य की औद्योगिक क्षमताओं की प्रत्यक्ष जानकारी ली और गहन सहयोग के अवसरों की खोज की। मंत्री ने स्कोडा ऑटो के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की और भारत के ऑटोमोबाइल क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस यात्रा के दौरान मंत्री ने भारतीय समुदाय के साथ संवाद स्थापित किया।
मंत्री ने प्राग में स्थित चेक इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेटिक्स, रोबोटिक्स एंड साइबरनेटिक्स (सीआईआईआरसी सीटीयू) और डोल्नी ब्रेजानी में स्थित ईएलआई बीमलाइन्स लेजर फैसिलिटी का भी दौरा किया – ये दोनों एडवांस अनुसंधान, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, रोबोटिक्स और लेजर साइंस के क्षेत्र में विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त उत्कृष्टता केंद्र हैं।
यह दौरा भारत और उसके यूरोपीय साझेदारों के बीच बढ़ती राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझा आर्थिक आकांक्षाओं को दर्शाता है। इसका उद्देश्य साझा नेतृत्व की दृष्टि को संपोषित साझेदारियों में बदलना है जो समावेशी विकास, औद्योगिक परिवर्तन और वैश्विक आर्थिक लचीलेपन को प्रोत्साहन दें।





