बांग्लादेश ने भारत में आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप से अपनी टीम के हटने के कारणों की जांच के लिए समिति गठित की
बंगलादेश क्रिकेट टीम के भारत में आईसीसी टी-20 विश्वकप से हटने के कारणों की जांच के लिए तीन सदस्यों की जांच समिति गठित की गई है। इस साल 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में हुए टी-20 विश्व कप से बांग्लादेश ने अपना नाम वापस ले लिया था। यह फैसला तब लिया गया जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सुरक्षा चिंताओं के कारण बांग्लादेश के मैच भारत से श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग ठुकरा दी। विवाद तब शुरू हुआ जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कथित तौर पर कट्टरपंथी समूहों से धमकियों के बाद बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया। हालांकि आईसीसी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त है, लेकिन इसके बाद अंतरिम सरकार ने बीसीबी को टूर्नामेंट से हटने का निर्देश दिया।





