insamachar

आज की ताजा खबर

heatwave
भारत मौसम

देश के कई हिस्सों में भीषण लू का ‘रेड अलर्ट’ जारी

मौसम विज्ञान विभाग ने आज पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में भीषण लू की स्थिति के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी ऐसी ही स्थितियाँ बनी रहेंगी।

मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना में अगले दो से तीन दिनों तक लू की स्थिति बनी रहेगी। विभाग ने आगे बताया कि आज तटीय आंध्र प्रदेश, गंगा से सटे पश्चिम बंगाल और ओडिशा में मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। आज तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में रात के समय भी गर्मी बने रहने का पूर्वानुमान व्‍यक्‍त किया गया है।

दिल्ली के लिए, विभाग ने आज अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान लगाया है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही, एजेंसी ने राष्ट्रीय राजधानी में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है, हालांकि कुछ स्थानों पर लू चलने की भी संभावना है। दिन के समय तेज़ सतही हवाएँ चलेंगी।

इस बीच, मौसम विभाग ने आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान व्‍यक्‍त किया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, सोमवार तक अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे, तथा लक्षद्वीप में भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि आज तटीय आंध्र प्रदेश, झारखंड और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है।

इसके अलावा, मंगलवार तक बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, ओडिशा, दक्षिणी आंतरिक और तटीय कर्नाटक, तेलंगाना और रायलसीमा में बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने का भी पूर्वानुमान व्‍यक्‍त किया गया है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *