विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर ने कहा है कि भारत और अमरीका आतंकवाद के हर रूप का मुकाबला करने को तत्पर है। नई दिल्ली में कल अमरीका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों को आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की नीति पर दृढ़ रहना होगा।
भारत और अमरीका आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ लडाई लड़ रहे हैं। आतंकवाद के खिलाफ हमारी कतई बर्दाश्त न करने की नीति रही है। ऐसा इसलिए है कि आतंकवाद के खिलाफ आपसी सहयोग बहुत जरूरी है। हमारे संबंधों में आपसी सहयोग की बहुत बड़ी भूमिका है। यह हमारी राजनीति समझ को बनाने में सेतु का काम करता है।
डॉ जयशंकर ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था को जोखिम से बचाने और विश्व को अधिक विकल्प उपलब्ध कराने में दोनों देशों का हित है। विदेश मंत्री ने कहा कि अनेक स्थितियों में दोनों देशों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावी रणनीतिक साझेदार बनाया है।





