बेंगलुरु–तुमकूर रेल सेक्शन पर 1×25 केवी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम को आधुनिक 2×25 केवी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम में अपग्रेड किया जाएगा
कर्नाटक के सबसे व्यस्त रेल रूट्स में से एक बेंगलुरु–तुमकूर सेक्शन पर रेल संचालन को और बेहतर बनाने के लिए भारतीय रेल ने एक महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दी है। इसके तहत दक्षिण पश्चिम रेलवे के इस सेक्शन पर मौजूदा 1×25 केवी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम को आधुनिक 2×25 केवी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम में अपग्रेड किया जाएगा।
यह परियोजना 120 ट्रैक किलोमीटर (TKM) क्षेत्र में लागू की जाएगी और इसकी स्वीकृत लागत ₹162.57 करोड़ है।
बेंगलुरु–तुमकूर सेक्शन महत्वपूर्ण हाइली यूटिलाइज्ड नेटवर्क (HUN) रूट-10 का हिस्सा है, जो पुणे, हुब्बल्ली, चिक्कजाजुरु, बीरूर,तुमकूर, बेंगलुरु, सेलम और कन्याकुमारी जैसे प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों को जोड़ता है।
2×25 केवी ट्रैक्शन सिस्टम लागू होने से ट्रेनों के लिए पावर सप्लाई व्यवस्था और मजबूत होगी। इससे इस सेक्शन पर बढ़ते रेल ट्रैफिक को अधिक दक्षता के साथ संभाला जा सकेगा। साथ ही, भारी मालगाड़ियों और लंबी दूरी की यात्री ट्रेनों के संचालन में भी मदद मिलेगी तथा इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन इंफ्रास्ट्रक्चर की विश्वसनीयता बढ़ेगी।
यह परियोजना बेंगलुरु और आसपास के क्षेत्रों को सेवा देने वाले इस महत्वपूर्ण रेल रूट पर क्षमता बढ़ाने में मदद करेगी। साथ ही, कर्नाटक और दक्षिण भारत में यात्री एवं माल परिवहन को और अधिक सुगम बनाएगी।
यह परियोजना भारतीय रेल के इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने, नेटवर्क क्षमता बढ़ाने और व्यस्त रेल कॉरिडोरों पर बेहतर परिचालन सुनिश्चित करने के प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेगी।



