पश्चिम एशिया संघर्ष: अमरीका के साथ प्रस्तावित समझौते पर ईरान ने अब तक कोई निर्णय नहीं लिया
पश्चिम एशिया में संघर्ष रोकने के राजनयिक प्रयासों से अब तक कोई हल नहीं निकला है। अमरीका के साथ प्रस्तावित समझौते पर ईरान ने अब तक कोई निर्णय नहीं लिया है। वहीं, अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में कहा था कि जल्द ही बातचीत में सफलता मिल सकती है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने कहा कि अंतिम समझौते की बात करना अभी जल्दबाजी होगी। हालांकि उन्होंने कहा कि बातचीत के मसौदे का अधिकांश हिस्सा तैयार हो चुका है। तेहरान में उच्च स्तरीय वार्ताएं आगे बढ़ने के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर सैन्य हमले रद्द कर दिए हैं। लेकिन ईरान ने कहा है कि यूरेनियम संवर्धन अधिकार और अन्य रणनीतिक प्राथमिकताओं सहित कई प्रमुख मुद्दे अब भी अनसुलझे हैं।
अमरीकी सेना ने जलडमरूमध्य के पास दो ईरानी ड्रोन को रोका है। वहीं लेबनान में सीमा पार झड़पें और सुरक्षा अभियान जारी हैं। इस्राएल कई मोर्चों पर सैन्य दबाव बनाए हुए है। समुद्री सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बनी हुई हैं। लाल सागर और खाड़ी के जलक्षेत्र में व्यवधान वैश्विक जहाजरानी को प्रभावित कर रहे हैं और ऊर्जा बाजारों के लिए नई चिंताएं पैदा कर रहे हैं।





