अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के समझौते पर आज हस्ताक्षर हो जाने की आशा व्यक्त की
अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के समझौते पर आज हस्ताक्षर हो जाने की आशा व्यक्त की है। इसके तुरंत बाद होर्मुज जलडमरूमध्य सबके लिए खुल जाएगा। डोनल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि आशा है कि वार्ता सफल रहेगी। यदि ऐसा नहीं होता है तो अंतिम विकल्प भी है। अमरीकी राष्ट्रपति ने प्रस्तावित समझौते की तुलना 2015 की संयुक्त कार्ययोजना से भी की। उन्होंने कहा कि उनके प्रस्तावित समझौते से ईरान के परमाणु हथियारों पर पूरी तरह अंकुश लगेगा। उन्होंने दावा किया कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर प्रभावी रोक लगायी गयी है और शेष परमाणु सामग्री बाद में नष्ट कर दी जायेगी।
उधर ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने कहा है कि तुरंत किसी समझौते पर हस्ताक्षर की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि यह समझौता आज नहीं होगा, हो सकता है कि अगले दिनों में ऐसा संभव हो। ईरान के लोक प्रसारक इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग के अनुसार बाघेई ने दूसरे पक्ष की विसंगति के कारण जारी वार्ता प्रक्रिया से तुरंत कोई उम्मीद जाहिर नहीं की।





