केरलम में मूसलाधार वर्षा से हुई तबाही के बीच मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया
केरलम में मूसलाधार वर्षा से हुई तबाही के बीच मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। प्रदेश में, बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ अन्य लापता हैं।
प्रभावित इलाकों में खोले गए 209 राहत शिविरों में 5 हजार 792 से अधिक लोगों को सुरक्षित पहुंचाया गया है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में 27 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 196 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। विभिन्न जिलों से फसलों के नुकसान की भी खबर है। पर्वतीय और नदी के तटवर्ती इलाक़ों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के कारण मछुआरों को आज केरलम, कर्नाटक और लक्षद्वीप के समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। इस बीच, जलभराव वाले इलाकों में सफाई का काम शुरू कर दिया गया है।





