असम में इस साल बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 97 हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, कल गोलाघाट और उदालगुड़ी जिलों में बाढ़ से एक–एक व्यक्ति की मृत्यु हुई। राज्य में अब भी 480 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जबकि हजारों लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। शिवसागर, गोलाघाट, जोरहाट और चराइदेव जैसे सर्वाधिक प्रभावित जिलों में बाढ़ की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। बाढ़ के बाद की स्थिति से निपटने के लिए सरकार ने प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य शिविरों और चिकित्सा सेवाओं को तेज कर दिया है। जलजनित बीमारियों की रोकथाम और प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।





