झारखंड सरकार ने JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ दूसरे दौर की वार्ता की
झारखंड में आज जे.पी.एस.सी. और जे.एस.एस.सी. भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी गतिरोध अब समाधान की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। राज्य सरकार और विरोध प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के विभिन्न समूहों के बीच उच्चस्तरीय वार्ता का दूसरा दौर आज आयोजित किया गया।
आज रांची के स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार द्वारा गठित मंत्रियों की विशेष कमेटी और छात्र संगठनों के बीच दूसरे दौर की वार्ता सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। सरकार की ओर से मंत्रियों ने स्पष्ट किया कि वे व्यापक परीक्षा सुधारों के लिए प्रतिबद्ध हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने एक आधिकारिक फीडबैक ईमेल आईडी भी जारी की है, जिस पर छात्र और सभी हितधारक अपने सुझाव भेज सकते हैं। सरकार इन सभी सुझावों के आधार पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में अंतिम निर्णय लेगी। हालांकि, छात्र प्रतिनिधियों ने वार्ता पर संतोष जताया है, लेकिन कहा है कि मांगों पर ठोस और लिखित आदेश आने तक उनका शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा। इस बीच, परीक्षा गड़बड़ी मामले की जांच कर रही सीआईडी ने भी अपनी कार्रवाई तेज कर दी है और आयोग के तीन वर्तमान सदस्यों को पूछताछ के लिए समन भेजा है।





