सुप्रीम कोर्ट ने NEET-UG पेपर लीक के बाद, परीक्षा सुधार पर राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों को लागू करने के लिए सरकार से जवाब मांगा
सर्वोच्च न्यायालय ने भविष्य में प्रश्नपत्र लीक जैसे मामले रोकने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी – एनटीए को संस्थागत रूप देने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसमें सुरक्षित बुनियादी ढांचा, समर्पित परीक्षा केंद्र, साइबर सुरक्षा प्रणाली, संस्थागत विशेषज्ञता और परीक्षा संबंधी कार्यों के लिए एक स्थायी तंत्र शामिल हो।
नीट-यूजी 2026 पेपर लीक से संबंधित याचिकाओं की सुनवाई करते हुए, न्यायालय ने शिक्षा मंत्रालय के केंद्रीय सचिव को निर्देश दिया कि वे हलफनामा दाखिल करें, जिससे यह बताया जाए कि राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों को लागू करने के लिए क्या-कया कदम उठाए जा रहे हैं, तथा नंदन नीलेकणि समिति द्वारा सुझाए गए आवश्यक संशोधनों को भी इसमें शामिल किया जाए।
न्यायालय ने कहा कि उसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश में एक मजबूत परीक्षा संस्थान हो जो विशेषज्ञता को बनाए रखने और तकनीकी परिवर्तनों के अनुकूल होने में सक्षम हो।
नीट-यूजी 2024 प्रश्न पत्र लीक विवाद के बाद पूर्व आईएसआरओ अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में के. राधाकृष्णन समिति का गठन किया गया था।





