insamachar

आज की ताजा खबर

BRICS Youth Council meeting and the BRICS Youth Summit concluded successfully in Gandhinagar, Gujarat
भारत

गुजरात के गांधीनगर में ब्रिक्स युवा परिषद की बैठक और ब्रिक्स युवा शिखर सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 में 19 अगस्त 2026 को गुजरात के गांधीनगर में ब्रिक्स युवा परिषद की बैठक और ब्रिक्स युवा शिखर सम्मेलन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का आयोजन भारत सरकार के युवा कार्य और खेल मंत्रालय के युवा कार्य विभाग द्वारा किया गया था। भारत की ब्रिक्स अध्‍यक्षता का मुख्य विषय “मजबूती, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण” है। ब्रिक्स युवा कार्यक्रमों में लोगों पर केंद्रित और मानवता को प्राथमिकता देने वाला दृष्टिकोण अपनाया गया, जिससे युवा सहयोग को ब्रिक्स फ्रेमवर्क की व्यापक प्राथमिकताओं के साथ जोड़ा जा सके।

उद्घाटन सत्र में गुजरात के उप-मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, युवा कार्य और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे, गुजरात सरकार की कार्यवाहक मुख्य सचिव डॉ. अंजू शर्मा, युवा कार्य विभाग के अपर सचिव नितेश कुमार मिश्रा और ब्रिक्स के सदस्य तथा भागीदार देशों के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख और प्रतिनिधि उपस्थिति थे।

ब्रिक्स युवा सम्‍मेलन में ब्रिक्स के सदस्य और सहयोगी देशों के युवा प्रतिनिधि, युवा नेता, अधिकारी और मंत्री एकजुट हुए, जिससे युवाओं के महत्‍वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत, विचारों के आदान-प्रदान और सामूहिक कार्रवाई के लिए एक शानदार मंच उपलब्‍ध हुआ। इन कार्यक्रमों में फिर से टिकाऊ विकास को आगे बढ़ाने, लोगों के बीच के आपसी संबंध मजबूत करने और अधिक समावेशी तथा समृद्ध भविष्य बनाने में युवाओं की अहम भूमिका की चर्चा की गई।

ब्रिक्स युवा शिखर सम्‍मेलन में युवा सहयोग के मुख्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों: शिक्षा, उद्यमिता और भविष्य की तैयारी, समावेशी विकास और युवाओं की भलाई, स्थिरता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी तथा लोगों के बीच सहयोग और युवाओं की भागीदारी पर आधारित चर्चाएं हुईं। इन चर्चाओं से युवा नेताओं और विशेषज्ञों को अपने दृष्टिकोण, अनुभव और नए तरीके साझा करने का अवसर उपलब्‍ध हुआ तथा इसके साथ ही ब्रिक्स युवाओं के बीच अधिक सहयोग के रास्ते भी तलाशे गए।

युवा शिखर सम्‍मेलन के साथ ही हुई ब्रिक्स युवा परिषद की बैठक में ब्रिक्स के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने युवाओं के बीच सहयोग के महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा की। परिषद ने सदस्य देशों द्वारा साझा किए गए सुझावों, राष्ट्रीय अनुभवों और बेहतरीन तौर-तरीकों को ध्यान में रखते हुए संयुक्त घोषणा के मसौदे और ब्रिक्स युवा सहयोग ढांचे पर विचार-विमर्श किया। इस चर्चा से आम सहमति वाले परिणाम तक पहुंचने में मदद मिली, जो 22 अगस्त 2026 को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में होने वाली ब्रिक्स युवा मंत्रियों की बैठक के लिए महत्‍वपूर्ण होंगे।

ब्रिक्स के सदस्यों और सहयोगी प्रतिनिधियों ने पारंपरिक व्‍यंजनों और सांस्कृतिक मेल-जोल के ज़रिए गुजरात की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का अनुभव किया। इससे भारत की विविध विरासत के प्रति समझ और सम्मान बढ़ने के साथ ही इसमें शामिल देशों के बीच विचारों, अनुभवों और तौर-तरीकों के सार्थक आदान-प्रदान के अवसर भी बने।

गांधीनगर में शहर के जीवंत सांस्कृतिक और संस्थागत माहौल में ब्रिक्स युवा परिषद की बैठक और ब्रिक्स युवा शिखर सम्मेलन का सफल आयोजन ने ब्रिक्स के भीतर युवाओं के नेतृत्व वाले सहयोग को मज़बूत करने और ब्रिक्स परिवार की साझा प्राथमिकताओं तथा भविष्य में योगदान देने के लिए युवाओं को सार्थक मंच उपलब्ध कराने की भारत की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *