भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक में सेमीकंडक्टर और साइबर सुरक्षा सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श
चौथी भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक आज सिंगापुर में हुई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य, उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक में डिजिटल तकनीक, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के संचालन और साइबर सुरक्षा जैसे रणनीतिक और उभरते क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की गई। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बैठक में उन्नत विनिर्माण, फिनटेक, डिजिटलीकरण, स्वास्थ्य और सतत विकास के क्षेत्रों में व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर बल दिया गया। डिजिटल कौशल विकास में सहयोग को नई गति देने पर भी चर्चा हुई। भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक दोनों देशों के बीच नए और उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसकी पहली बैठक सितंबर 2022 में नई दिल्ली में हुई थी। दूसरी बैठक अगस्त 2024 में सिंगापुर में और तीसरी बैठक अगस्त 2025 में नई दिल्ली में हुई थी।




