गृह मंत्री अमित शाह ने सिलीगुड़ी में सशस्त्र सीमा बल के मुख्यालय में 189 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया
गृह मंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में सशस्त्र सीमा बल-एसएसबी मुख्यालय में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। जवानों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि इससे पहले एसएसबी के कार्यक्रमों में पूर्व मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन उन्होंने इनमें शामिल होना उचित नहीं समझा। उन्होंने कहा कि शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद सीमा सुरक्षा के लिए पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
सरकार के गठन के 45 दिन के भीतर 1129 एकड़ भूमि बीएसएफ और एसएसबी से लिए शुभेन्दु जी ने दे दी है। कुछ 29 एकड़ बाकी बचा है। मित्रों ये तत्परता जो है भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री के नाते नहीं है। उनको मालूम है जब तक घुसपैठ नहीं रुकती। ना पश्चिम बंगाल सुरक्षित रह सकता है ना भारत सुरक्षित रह सकता है और घुसपैठ रोकने की पूर्व शर्त है कि सीमा को पूरा बना सीमा पर बाड़ को पूरा लगा दिया जाए।
अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठ रोकने के लिए ममता बनर्जी से बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने बंगाल के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर करीब 189 करोड़ रुपये की लागत से एसएसबी के कई शिविरों के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई। गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से सीमा सुरक्षा में तैनात जवानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।





