विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज मॉस्को के क्रेमलिन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज मॉस्को के क्रेमलिन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-रूस संबंधों को और मजबूत करने तथा व्यापार, आर्थिक सहयोग और ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। डॉ. जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रपति पुतिन को शुभकामनाएं दीं और उनका व्यक्तिगत संदेश सौंपा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, उर्वरक और परमाणु सहयोग सहित कई क्षेत्रों में संबंध लगातार मजबूत हुए हैं।
राष्ट्रपति पुतिन ने भारत को उर्वरक की आपूर्ति बढ़ाने की पेशकश की। उन्होंने कहा कि रूस भारतीय किसानों और कृषि क्षेत्र में सहायता के लिए कदम उठा रहा है। उन्होंने इस वर्ष दोनों देशों के बीच व्यापार में बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया।
डॉ. जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बिश्केक में एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात और भारत में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए उनका स्वागत करने को लेकर उत्सुक हैं। दोनों नेताओं की वार्षिक बैठक भी आपसी सुविधा के अनुसार होने की उम्मीद है।
इससे पहले डॉ. जयशंकर ने रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के साथ भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता की। बैठक में वर्ष 2030 तक 100 अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य को हासिल करने के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने, शुल्क और गैर-शुल्क बाधाएं हटाने, भुगतान व्यवस्था मजबूत करने और कारोबारी सहयोग बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
डॉ. जयशंकर कल दो दिन की रूस यात्रा पर मॉस्को पहुंचे थे। वे रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी मुलाकात करेंगे और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।





