insamachar

आज की ताजा खबर

भारत

भारतीय रेलवे ने गुजरात के भावनगर पारा यार्ड के पुनर्निर्माण के लिए 125 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति दी

भारतीय रेलवे ने गुजरात के भावनगर पारा (बीवीपी) यार्ड के पुनर्निर्माण परियोजना को लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृति दे दी है। यह परियोजना भावनगर पारा में अतिरिक्त परिचालन क्षमता बढ़ाते हुए यात्रियों के लिए सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ भावनगर में रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाएगी।

भावनगर टर्मिनस पर भीड़भाड़ कम करने के लिए भावनगर पारा यार्ड का पुनर्निर्माण किया जा रहा है।

इस परियोजना से भावनगर टर्मिनस (बीवीसी) पर भीड़ कम करने में सहायता मिलेगी, क्योंकि ट्रेनों के ठहराव और अन्य परिचालन गतिविधियों को भावनगर पारा में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इससे ट्रेनों का संचालन सुचारू होगा, रैक का विलंब कम होगा और समय की पाबंदी में सुधार होगा। भावनगर पारा में अतिरिक्त बुनियादी ढांचा ट्रेनों की आवाजाही के बेहतर प्रबंधन में सहायक होगा और परिचालन में अधिक सुगमता आएगी।

नया प्लेटफार्म और बेहतर यात्री सुविधाएं

पुनर्निर्माण कार्य में चार लूप लाइनें, एक इंजन रिवर्सल लाइन, एआरटी और एआरएमई साइडिंग, स्टेशन एवं ईआई भवन का स्थानांतरण, एक उच्च स्तरीय यात्री प्लेटफार्म, वर्तमान प्लेटफार्म का चौड़ीकरण, वर्तमान फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का विस्तार और एक नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण शामिल है। इस परियोजना में दो रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) भी शामिल होंगे, जिनमें एक नये आरयूबी और एक वर्तमान आरयूबी के विस्तार के साथ ही सेवा भवन और संबंधित विद्युत एवं सिग्नलिंग कार्य भी शामिल हैं।

भावनगर पारा स्टेशन पर नए ऊंचे आइलैंड प्लेटफॉर्म, प्लेटफॉर्म नंबर 2 के चौड़ीकरण और बेहतर फ्रंट ऑफ बोर्ड कनेक्टिविटी के माध्यम से यात्रियों की सुविधा में वृद्धि होगी। इन सुविधाओं से यात्रियों की आवाजाही और पहुंच आसान हो जाएगी।

भावनगर पारा यार्ड पुनर्निर्माण परियोजना भावनगर में रेलवे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यात्री सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना भावनगर टर्मिनस पर भीड़ कम करते हुए अतिरिक्त टर्मिनल क्षमता के निर्माण के साथ ट्रेनों के सुचारू और समयबद्ध संचालन में सहायक होगी। बेहतर प्लेटफार्म, फ्रंट ऑफ बोर्ड कनेक्टिविटी एवं अन्य यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी भावनगर और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को अधिक सुविधा प्रदान करेंगी।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *