महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) ने ‘विशेष अभियान 6.0’ के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इस अभियान के दौरान कंपनी का अपने कार्यालय, कॉलोनी और अन्य जगहों पर 10 लाख वर्ग फीट से अधिक क्षेत्र की सफाई करने का लक्ष्य है।
यह लक्ष्य पिछले अभियान की तुलना में एक बड़ा कदम है, जिसके तहत एमसीएल ने चिन्हित क्षेत्रों में 6.12 लाख वर्ग फीट क्षेत्र को कवर किया था। यह साफ-सुथरे, अपेक्षाकृत अधिक व्यवस्थित और कुशल कार्य-स्थल बनाने की दिशा में कंपनी के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
यह अभियान भारत सरकार के ‘विशेष अभियान 6.0’ के तहत चलाया जा रहा है, जो 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य स्वच्छता को संस्थागत बनाना, कार्यस्थल के प्रबंधन में सुधार करना, उपलब्ध जगह का बेहतर उपयोग करना, लंबित मामलों को कम करना और ई-कचरा सहित सभी कचरे को सही ढंग से एकत्रित करने, अलग-अलग करने एवं उसका निपटान करने की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
इस वर्ष के अभियान का मुख्य फोकस एमसीएल के कार्यालयों व प्रतिष्ठानों से निकलने वाले ई-कचरा के वैज्ञानिक प्रबंधन पर होगा।
उपयुक्त दिशा-निर्देशों के अनुसार, बेकार और परित्याग कर दिए गए इलेक्ट्रॉनिक सामानों की पहचान, अलग-अलग करने तथा व्यवस्थित तरीके से निपटान हेतु विशेष प्रयास किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य जिम्मेदारीपूर्वक कचरा प्रबंधन के तरीकों को मजबूत करने के साथ-साथ कार्यालयों को साफ-सुथरे, सुरक्षित और अपेक्षाकृत अधिक व्यवस्थित कार्यस्थल के निर्माण में मदद करना है।
यह अभियान जगह के सदुपयोग पर विशेष जोर देगा ताकि बेकार, पुराने और अनावश्यक सामानों को हटाकर कार्यस्थल की जगहों का बेहतर उपयोग किया जा सके।
‘विशेष अभियान 6.0’ के जरिए, एमसीएल का उद्देश्य अपने सभी कार्यालयों व प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और कार्यस्थल के बेहतर प्रबंधन की संस्कृति को और मजबूत करना है।





