आयुष्मान कार्ड बड़े संकट के समय आपके और आपके परिवार के लिए सबसे बड़ा सहारा बन सकता है: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने आयुष्मान भारत दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड को लेकर यह सोचने के बजाय कि “इससे क्या ही हो जाएगा”, इसके महत्व को समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह कार्ड बड़े संकट के समय व्यक्ति और उसके परिवार के लिए सबसे बड़ा सहारा बन सकता है।
मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत के तहत पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान किया जाता है तथा प्रति परिवार प्रति वर्ष ₹5 लाख तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने इस अवसर पर सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि कोई भी पात्र परिवार इस सुविधा से वंचित न रहे तथा स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ दूसरों को भी जागरूक करें।





