insamachar

आज की ताजा खबर

भारत

भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में जम्मू-कश्मीर के बारे में झूठ और भ्रामक जानकारी फैलाने के लिए पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में जम्मू-कश्मीर को लेकर झूठ और गलत अफवाहें फैलाने के लिए पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगाई है। भारत ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यह केंद्र शासित प्रदेश भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा है और हमेशा रहेगा। भारत ने आज न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की चौथी समिति में विउपनिवेशीकरण पर चर्चा के दौरान जवाब देने के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए यह बात कही। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने पाकिस्तान के प्रतिनिधि के बयान पर तीखा पलटवार किया।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि सांसद मेवाड़ ने पाकिस्तान पर जम्मू-कश्मीर के बारे में झूठे दावे फैलाने के लिए संयुक्त राष्ट्र के मंच का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में हो रहे मानवाधिकार उल्लंघनों का मुद्दा भी उठाया और इस्लामाबाद से इस स्थिति पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना और उसके सहयोगियों ने बुनियादी जरूरतों और अधिकारों के लिए प्रदर्शन कर रहे निर्दोष नागरिकों की जान ली है।

इस बीच, एक अन्य महत्वपूर्ण बैठक में सांसद प्रिया सरोज ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की छठी समिति के 81वें सत्र में एजेंडा आइटम 75 के तहत भारत का राष्ट्रीय वक्तव्य प्रस्तुत किया। यह सत्र मिशन पर तैनात संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों और विशेषज्ञों की आपराधिक जवाबदेही से संबंधित था। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के अनुसार, प्रिया सरोज ने संयुक्त राष्ट्र कर्मियों द्वारा किसी भी प्रकार के आपराधिक आचरण और कदाचार के खिलाफ भारत की ‘जीरो-टोलरेंस’ नीति पर जोर दिया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और सदस्य देशों के बीच मजबूत सहयोग के साथ-साथ एक प्रभावी और जवाबदेही प्रणाली बनाने का भी आह्वान किया।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *