रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- भारत पड़ोसी देशों और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रमों पर कडी नज़र रख रहा है
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आधुनिक युद्ध और वैश्विक सुरक्षा व्यवस्था में हो रहे बड़े बदलावों के बीच भारत अपने पड़ोसी देशों और दुनियाभार के देशों के घटनाक्रमों और उनके रणनीतिक प्रभाव पर बारीकी से नजर रख रहा है। जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर तरंग शक्ति 2026 अभ्यास को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि स्थापित विश्व व्यवस्था तेजी से बदल रही है, जबकि उभरती वैश्विक व्यवस्था का स्वरूप अनिश्चित बना हुआ है।
जब तकनीक और आपसी विश्वास एक साथ आते हैं, तो यही हमारी साझेदारी की असली ताकत बनती है। आइए, इस भावना को आगे बढ़ाएँ, एक-दूसरे से सीखें, नए प्रयोग करें और अपनी क्षमताओं को मजबूत करते हुए एयरोस्पेस तथा रक्षा सहयोग के क्षेत्र में नई संभावनाएँ तलाशें। साथ ही, यह सुनिश्चित करें कि हमारी ताकत का इस्तेमाल शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए हो।
वायु सेना स्टेशन पर हवाई प्रदर्शन देखने के बाद रक्षा मंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना के मार्गदर्शन में भारतीय सशस्त्र बल अपनी संरचना, क्षमताओं और रणनीतिक दृष्टिकोण में मौलिक परिवर्तन से गुजर रहे हैं। अधिक ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
युद्धाभ्यास में भारतीय वायुसेना के अलावा सात देशों – ऑस्ट्रेलिया, अमरीका, फ्रांस, जर्मनी, संयुक्त अरब अमीरात, श्रीलंका और बांग्लादेश की वायुसेनाएं भाग ले रही हैं। युद्धाभ्यास में एफ-35 लाइटनिंग टू, राफेल और एफ-16 सहित कई उन्नत युद्धक विमानों के साथ परिवहन एवं हवा में ईंधन भरने वाले विमान शामिल हैं। ‘पावर इन पार्टनरशिप’ थीम पर आयोजित इस युद्धाभ्यास का उद्देश्य भाग लेने वाली वायु सेनाओं के बीच आपसी तालमेल बढ़ाना, सैन्य सहयोग को मजबूत करना और परिचालन अनुभवों का आदान-प्रदान करना है।





