insamachar

आज की ताजा खबर

भारत

इंडिया पोस्ट और इंडिगो ने डिजिटल डिटॉक्स अभियान के साथ आसमान में पोस्टकार्ड पहुंचाना शुरू किया

तेजी से डिजिटल होते जा रहे इस दौर में हस्तलिखित संचार के आनंद को पुनर्जीवित करने के प्रयास में, संचार मंत्रालय के डाक विभाग ने इंडिगो के सहयोग से 12 अक्टूबर को एक अनूठा डिजिटल डिटॉक्स अभियान आयोजित किया। यह अभियान 9 से 15 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रीय डाक सप्ताह समारोह के दौरान डाक टिकट संग्रह दिवस के रूप में मनाया गया। इस पहल ने यात्रियों को अपने डिजिटल उपकरणों से कुछ समय के लिए दूर रहने, अपने विचारों को कागज पर उतारने और पत्र लेखन के माध्यम से अपने प्रियजनों से पुनः जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अभियान के तहत, चुनिंदा इंडिगो उड़ानों में यात्रा करने वाले यात्रियों को उनकी यात्रा के दौरान पोस्टकार्ड युक्त विशेष रूप से डिजाइन किए गए डिजिटल डिटॉक्स किट भेंट किए गए।

इस अभियान ने बेंगलुरु, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई के यात्रियों को आपस में जोड़ा। यात्रियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया और हस्तलिखित संचार के अनुभव का आनंद लेते हुए आगमन हवाई अड्डों पर विशेष रूप से स्थापित इंडिया पोस्ट लेटर बॉक्स में आगे भेजने के लिए अपने पत्र डाले। इस पहल में सभी शहरों के प्रतिष्ठित स्थलों को दर्शाने वाले विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए पोस्टकार्ड शामिल थे।

अपने अनुभव को, विमान में सवार एक यात्री ने साझा किया, “ ब्लू टिक के इस दौर में, मैंने 30,000 फीट की ऊंचाई पर एक पोस्टकार्ड लिखा! बादलों और शांति के बीच कहीं, मेरे जीवन के खास लोगों के लिए अपने विचारों को कागज पर उतारने का एक सही क्षण था। ”

इस अभियान ने स्क्रीन टाइम कम करने, ध्यान केंद्रित करने और मानवीय सम्बंधों को मजबूत करने में डिजिटल डिटॉक्स के महत्व पर बल दिया। इस पहल के माध्यम से, इंडिया पोस्ट ने हस्तलिखित पत्रों के शाश्वत आकर्षण और सार्थक संचार के माध्यम से लोगों को करीब लाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *