सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने नागरिकों को सतर्क रहने और हवाई हमले की स्थिति में घरों में रहने की सलाह दी
सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और हवाई हमले की स्थिति के दौरान घरों में रहने की सलाह दी है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय समुदाय की सहायता के लिए 24 घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों से मौजूदा घटनाक्रम से संबंधित वीडियो या समाचार साझा करने से बचने की अपील की है।
भारतीय नागरिकों को एयरलाइंस के संपर्क में रहने और उड़ानों की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है। दूतावास ने कहा है कि आपात स्थिति में सऊदी अरब छोड़ने के इच्छुक भारतीय नागरिक, संबंधित देशों के वीजा नियमों का पालन करते हुए, कतर और बहरीन सहित पड़ोसी खाड़ी देशों के हवाई अड्डों से उड़ानें ले सकते हैं।
दूतावास ने कहा कि दस अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल भारतीय नागरिकों में चार लोग अब भी आईसीयू में हैं और चार सामान्य वार्ड में उपचार करा रहे हैं।
इस बीच, जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी उड़ानों में व्यवधान को देखते हुए उमरा यात्रियों को अपनी उड़ानों की स्थिति और सेवा प्रदाताओं के संपर्क में रहने की सलाह दी है।
दस अक्टूबर को सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया था कि किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए गए हमले में 12 लोगों की मौत हुई और 309 लोग घायल हुए।





